धार , अप्रैल 04 -- मध्यप्रदेश के धार नगर पालिका में स्वच्छता शुल्क वसूली और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की छत किराए पर देने को लेकर अनियमितताओं के आरोप लगाए गए हैं। नेता प्रतिपक्ष प्रतिनिधि एवं जिला कांग्रेस प्रवक्ता अजय ठाकुर ने अधिकारियों पर नियमों को दरकिनार कर जनता पर आर्थिक बोझ डालने का आरोप लगाया है।
ठाकुर ने कहा कि आय बढ़ाने के नाम पर हाथठेला और रेहड़ी संचालकों से स्वच्छता शुल्क वसूला जा रहा है, जो पूर्व में जारी निर्देशों के विपरीत है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में परिषद की बैठक में कोई विधिवत प्रस्ताव भी पारित नहीं किया गया, जिससे प्रक्रिया पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की छत को किराए पर देने की प्रक्रिया भी संदिग्ध है। उनके अनुसार इस प्रस्ताव को नियमानुसार अध्यक्ष या राजस्व अधिकारी के माध्यम से आना चाहिए था, लेकिन मुख्य नगरपालिका अधिकारी द्वारा इसमें असामान्य रुचि दिखाई जा रही है। बिना परिषद की सहमति के निर्णय लेने को उन्होंने जनप्रतिनिधियों के अधिकारों का हनन बताया।
कांग्रेस नेता ने जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि अवैध वसूली और कथित अनियमितताओं पर तत्काल रोक लगाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो कार्यकर्ताओं के साथ उग्र आंदोलन किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित