धार , अगस्त 22 -- मध्यप्रदेश के धार जिला विधानसभा अंतर्गत आने वाले चार महाविद्यालयों की महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक शनिवार को आयोजित की गयी।
बैठक में जिला कलेक्टर राजीव रंजन मीना एवं विधायक नीना विक्रम वर्मा की उपस्थित थे।
बैठक में महाविद्यालयों की शैक्षणिक व्यवस्थाओं, अधोसंरचना, विद्यार्थियों की इंटर्नशिप, खेल सुविधाओं सहित विभिन्न विषयों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में धार के विधि महाविद्यालय के वर्तमान में प्रधानमंत्री एक्सीलेंस कॉलेज के मात्र चार कक्षों में संचालित होने से विद्यार्थियों को हो रही पठन-पाठन संबंधी समस्याओं पर प्रमुखता से चर्चा हुई।
पीआईयू के कार्यपालन यंत्री ने बताया कि विधि महाविद्यालय भवन के भू-तल का निर्माण दिसंबर माह में पूर्ण हो चुका है, जबकि प्रथम तल पर अतिरिक्त निर्माण कार्य जारी है। विधायक श्रीमती नीना विक्रम वर्मा ने भवन पूर्ण होने के बावजूद कॉलेज के शिफ्ट नहीं होने पर नाराजगी व्यक्त की।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि विधि महाविद्यालय प्रशासन तत्काल भवन का हैंडओवर लेकर भू-तल में शिफ्टिंग सुनिश्चित करे तथा अतिरिक्त निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए।
प्रधानमंत्री एक्सीलेंस कॉलेज धार द्वारा आईआईटी दिल्ली के सहयोग से संचालित आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पाठ्यक्रम एवं शोध परियोजना पर प्रस्तुतीकरण दिया गया। डॉ. सागर ने राष्ट्रीय स्तर की शोध परियोजना तथा अंतरराष्ट्रीय अनुसंधान गतिविधियों में कॉलेज की सहभागिता की जानकारी दी। बैठक में कॉलेज परिसर की बाउंड्रीवॉल से हो रहे अतिक्रमण को रोकने तथा ऑडिटोरियम में आवश्यक मेंटेनेंस एवं सुधार कार्य जनभागीदारी से कराने के निर्देश दिए गए।
विधायक ने ऑडिटोरियम में वॉल फैन लगाने तथा पर्याप्त हवा एवं रोशनी की व्यवस्था पर विशेष जोर दिया।
कन्या महाविद्यालय धार द्वारा खेल मैदान की कमी का विषय उठाए जाने पर कॉलेज के पीछे स्थित एसपीडीए ग्राउंड में आवश्यक सुधार कर उसे बालिकाओं के खेल उपयोग में लेने पर चर्चा हुई। बालिकाओं की इंटर्नशिप के संबंध में कलेक्टर ने स्थानीय स्तर पर इंटर्नशिप की व्यवस्था करने तथा आवश्यकता होने पर बस के माध्यम से परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को इंटर्नशिप के अवसरों से वंचित न होना पड़े।
पीथमपुर महाविद्यालय द्वारा बताया गया कि महाविद्यालय का नवीन भवन आगामी एक वर्ष में पूर्ण होने की बात कही । तात्कालिक व्यवस्था के लिए स्कूल के पास उपलब्ध अतिरिक्त कक्ष उपलब्ध कराने तथा नवीन भवन की बाउंड्रीवॉल स्वीकृत कराने का अनुरोध किया गया। बैठक में इस संबंध में आवश्यक कार्यवाही पर चर्चा की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित