धार , अगस्त 3 -- मध्यप्रदेश के धार स्थित ऐतिहासिक भोजशाला स्मारक पर विशेष स्मारक डाक टिकट जारी करने के प्रस्ताव को केंद्र सरकार ने स्वीकृति प्रदान कर दी है। धार-महू लोकसभा क्षेत्र की सांसद एवं केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर ने इसे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताया है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने पत्र के माध्यम से स्मारक डाक टिकट जारी करने के प्रस्ताव को मंजूरी मिलने की जानकारी दी है।

सावित्री ठाकुर ने बताया कि उन्होंने एक जून को केंद्रीय संचार मंत्री को पत्र लिखकर भोजशाला के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्व का उल्लेख करते हुए इस पर स्मारक डाक टिकट जारी करने का आग्रह किया था। इसके बाद उन्होंने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री से व्यक्तिगत भेंट कर भी इस विषय को प्रमुखता से उठाया था।

उन्होंने कहा कि भोजशाला केवल धार अथवा मध्यप्रदेश की धरोहर नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक विरासत का महत्वपूर्ण प्रतीक है। स्मारक डाक टिकट जारी होने से इसकी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान और सशक्त होगी तथा नई पीढ़ी को देश के इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने की प्रेरणा मिलेगी।

केंद्रीय राज्य मंत्री ने इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इससे सांस्कृतिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा तथा धार की ऐतिहासिक पहचान को नई राष्ट्रीय पहचान प्राप्त होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित