पंचकूला , अगस्त 03 -- हरियाणा में तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक कस्बे धारूहेड़ा और आसपास के दर्जनों गांवों के बिजली उपभोक्ताओं को जल्द ही बेहतर और सुगम सेवाएं मिलेंगी। दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) यहां 2.6 करोड़ रुपये की लागत से आधुनिक प्रशासनिक भवन का निर्माण करेगा। सोमवार को रेवाड़ी के विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने भवन का शिलान्यास किया।
करीब जुलाई 2027 तक तैयार होने वाले इस बहुमंजिला भवन में कार्यकारी अभियंता (एक्सईएन) और उपमंडल अभियंता (एसडीओ) के कार्यालय एक ही परिसर में संचालित होंगे। इससे बिजली उपभोक्ताओं को विभागीय कार्यों के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और अधिकांश सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होंगी।
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए विधायक लक्ष्मण सिंह यादव ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र में बिजली वितरण व्यवस्था और प्रशासनिक प्रबंधन को और अधिक मजबूत बनाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार धारूहेड़ा को विकास के मामले में पीछे नहीं रहने देगी।
उन्होंने बताया कि कस्बे में जल्द ही कोषागार (खजाना) और खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कार्यालय भी खोले जाएंगे। इसके अलावा नए बस अड्डे का निर्माण कार्य प्रगति पर है, जबकि मुख्यमंत्री द्वारा शहरी अस्पताल को मंजूरी दी जा चुकी है और इसके लिए भूमि की तलाश की जा रही है। विधायक ने यह भी बताया कि मसानी बैराज से दूषित पानी निकालने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिससे क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित