पौड़ी , जुलाई 19 -- त्तराखंड में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में स्वास्थ्य क्षेत्र को प्राथमिकता दिए जाने का असर अब जनपद पौड़ी गढ़वाल में स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है। चिकित्सा अवसंरचना के विस्तार, आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जिले की स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। दूरस्थ क्षेत्रों तक गुणवत्तापूर्ण उपचार सुविधाएं पहुंचने से आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल रहा है।

रविवार को जानकारी देते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. शिव मोहन शुक्ला ने बताया कि जनपद में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने के लिए थलीसैंण में उपजिला चिकित्सालय का निर्माण तेजी से चल रहा है। प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इंफ्रास्ट्रक्चर मिशन के तहत दो ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट संचालित हैं, जबकि सात नई इकाइयों का निर्माण जारी है। जिला चिकित्सालय में डिस्ट्रिक्ट इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैबोरेट्री स्थापित की जा रही है, जिससे रोगों की वैज्ञानिक एवं त्वरित जांच संभव होगी।

ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार के लिए जिले के 151 स्वास्थ्य उपकेंद्रों को आयुष्मान आरोग्य मंदिरों के रूप में विकसित किया गया है। इन केंद्रों पर सामान्य उपचार के साथ गैर-संचारी रोग, क्षय रोग, मानसिक स्वास्थ्य, नेत्र एवं कान संबंधी रोगों सहित 12 प्रकार की समग्र स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों की तैनाती से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार आया है।

मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। वर्ष 2019-20 में जहां केवल तीन चिकित्सा इकाइयों में अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध थी, वहीं अब यह सुविधा नौ इकाइयों तक पहुंच गई है। 'खुशियों की सवारी' योजना के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य जांच, सुरक्षित परिवहन और संस्थागत प्रसव की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं का भी विस्तार किया गया है। 108 एम्बुलेंस सेवा वर्ष 2019-20 में 17 स्थानों पर उपलब्ध थी, जो अब बढ़कर 28 स्थानों तक पहुंच चुकी है। इसके अलावा 11 'खुशियों की सवारी' वाहन गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित रूप से स्वास्थ्य संस्थानों तक पहुंचाने का कार्य कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित