देहरादून , अप्रैल 02 -- उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में आगामी चार से 12 अप्रैल तक नौ दिवसीय दून पुस्तक महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को इस महोत्सव का उद्घाटन करेंगे।

शिक्षा मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले राष्ट्रीय पुस्तक न्यास भारत द्वारा यह महोत्सव आयोजित किया जा रहा है।

देहरादून के हरिद्वार रोड स्थित एक होटल में गुरुवार को आयोजित संवाददाता सम्मेलन में नेशनल बुक ट्रस्ट के निदेशक युवराज मलिक ने बताया कि यह महोत्सव विचारों पुस्तकों और संस्कृति का एक अनूठा समागम होगा ,जो कि पूरे देश के पाठकों, लेखकों, कलाकारों और विचारकों को एक संयुक्त मंच प्रदान करेगा।

आगामी नौ दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में गढ़वाली और कुमाऊनी सहित कई भाषाओं की लाखों पुस्तकें प्रदर्शित की जाएंगी। वहीं पुस्तक प्रेमियों के लिए इस महोत्सव का प्रवेश निशुल्क रखा गया है।उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य पढ़ने की आदतों को बढ़ावा देना और साहित्य को व्यापक जन समुदाय के लिए सुलभ बनाना है। पुस्तकों के अलावा महोत्सव में बच्चों के लिए प्रतिदिन रोचक गतिविधियां आयोजित की जाएगी, जिसमें स्टोरी टेलिंग सत्र, रचनात्मक कार्यशाला, क्विज और इंटरएक्टिव सीखने के अनुभव शामिल है।

इसके अलावा कई सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और म्यूजिकल कंसर्ट भी होंगे।

कार्यक्रम का शुभारंभ शनिवार सुबह मुख्यमंत्री धामी द्वारा किया जाना है। कार्यक्रम में जाने-माने लेखक, फिल्मकार, विचारक और जानी-मानी हस्तियां चर्चा करेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित