देहरादून , जुलाई 25 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शनिवार को शौर्य स्थल, चीड़बाग, गढ़ीकैंट, देहरादून में आयोजित 'रन फॉर कारगिल हीरोज' मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर उन्होंने शौर्य स्थल पर पुष्पचक्र अर्पित कर अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा राष्ट्र की रक्षा के लिए उनके सर्वोच्च बलिदान को नमन किया। जबकि प्रदेश के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने गांधी पार्क में विजेताओं को पुरस्कृत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, पराक्रम, शौर्य और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण का प्रतीक है। वर्ष 1999 में भारतीय वीर जवानों ने विषम परिस्थितियों में अद्वितीय वीरता का परिचय देते हुए मातृभूमि की रक्षा की और विश्व के समक्ष भारतीय सेना के अदम्य साहस का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि देश सदैव अपने वीर सैनिकों और शहीदों के बलिदान का ऋणी रहेगा।
उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड को वीरों की भूमि के रूप में जाना जाता है। प्रदेश के अनेक वीर सैनिकों ने कारगिल युद्ध सहित विभिन्न सैन्य अभियानों में अपने अद्वितीय साहस और सर्वोच्च बलिदान से देश का गौरव बढ़ाया है। राज्य सरकार सैनिकों, पूर्व सैनिकों और उनके आश्रितों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा उनके सम्मान और हितों की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ प्रयासरत है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शहीदों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दें तथा देश की एकता, अखण्डता और सुरक्षा के प्रति अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करें।
रैली का समापन गांधी पार्क में हुआ जहां सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने विजेताओं को पुरस्कृत किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के राष्ट्रभक्ति के जज़्बे की सराहना करते हुए कहा कि देश के वीर सैनिकों के सम्मान में जनभागीदारी ही उनकी सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कारगिल युद्ध में मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि कारगिल के वीरों का अदम्य साहस, शौर्य और बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को सशक्त करने और वीर सैनिकों के सर्वोच्च बलिदान को याद रखने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित