हल्द्वानी , मई 25 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हल्द्वानी में कुमाऊँ मीडिया सेंटर भवन का शिलान्यास कर पत्रकारों के लिए बड़ी सौगात दी। लगभग 6.75 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह अत्याधुनिक मीडिया सेंटर कुमाऊँ मंडल के पत्रकारों को समर्पित बहुउद्देश्यीय केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मीडिया सेंटर लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पत्रकारिता को समर्पित एक सशक्त मंच होगा। उन्होंने कहा कि अब तक कुमाऊँ मंडल के पत्रकारों को कई प्रशासनिक और निरीक्षण संबंधी कार्यों के लिए देहरादून पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन मीडिया सेंटर बनने के बाद अधिकांश कार्य हल्द्वानी से ही संचालित हो सकेंगे।

उन्होंने कहा कि इस केंद्र में आधुनिक प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल, हाई-स्पीड इंटरनेट सुविधा, डिजिटल स्टूडियो, समृद्ध लाइब्रेरी, कैंटीन और अन्य आधारभूत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। साथ ही मुनस्यारी, बागेश्वर, कपकोट, पिथौरागढ़, चंपावत, अल्मोड़ा और रानीखेत जैसे दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले पत्रकारों के लिए गेस्ट रूम की व्यवस्था भी की जाएगी।

मुख्यमंत्री धामी ने घोषणा की कि समाचार पत्रों से संबंधित निरीक्षण कार्य भी अब इसी मीडिया सेंटर से संपन्न किए जाएंगे, जिससे पारदर्शिता और कार्यप्रणाली में तेजी आएगी।

पत्रकार कल्याण योजनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के हितों के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि पत्रकार कल्याण कोष की राशि बढ़ाकर पांच करोड़ रुपये कर दी गई है। अधिस्वीकृत पत्रकारों एवं उनके आश्रितों को पांच लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य बीमा सुविधा दी जा रही है, जबकि 60 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ पत्रकारों को आठ हजार रुपये प्रतिमाह पेंशन प्रदान की जा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह मीडिया सेंटर हल्द्वानी को कुमाऊँ क्षेत्र का प्रमुख मीडिया हब बनाएगा और यहां से संचालित पत्रकारिता क्षेत्रीय ही नहीं बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर भी प्रभावी भूमिका निभाएगी। उन्होंने पत्रकारों से सकारात्मक पत्रकारिता को बढ़ावा देने और विकास कार्यों को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में केबिनेट मंत्री रामसिंह कैड़ा, पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री और सांसद अजय भट्ट, नैनीताल विधायक सरिता आर्य समेत बड़ी संख्या में पत्रकार और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित