रामनगर (नैनीताल) , अप्रैल 02 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को हनुमान जन्मोत्सव के अवसर पर रामनगर के छोई स्थित श्री हनुमान धाम पहुंचकर विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की।
इस दौरान भक्ति और आस्था से पूरा परिसर सराबोर नजर आया और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री ने भंडारा कार्यक्रम में भी सहभागिता की और श्रद्धालुओं के साथ समय बिताया। उन्होंने कहा कि हनुमान जन्मोत्सव जैसे पावन अवसर पर श्रद्धालुओं के बीच आना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि बजरंगबली की कृपा के बिना कोई भी उनके दरबार तक नहीं पहुंच सकता।
उन्होंने अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए धार्मिक और सांस्कृतिक विकास कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ कॉरिडोर और केदारनाथ-बद्रीनाथ धाम में चल रहे विकास कार्यों को ऐतिहासिक बताया।
श्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि है और यहां की धार्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि राज्य में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं, जिससे प्रदेश को वैश्विक पहचान मिल रही है।
उन्होंने जानकारी दी कि वर्ष 2027 में प्रस्तावित कुंभ मेले की तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं, जबकि चारधाम यात्रा को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। शीतकालीन यात्रा के दौरान अब तक करीब 1.60 लाख श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जो धार्मिक पर्यटन की बढ़ती लोकप्रियता को दर्शाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य विकास को अंतिम छोर तक पहुंचाना है और उत्तराखंड को देश का सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित