पिथौरागढ़ , मई 08 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को पिथौरागढ़ भ्रमण के दौरान में उच्चीकृत क्रिकेट मैदान का लोकार्पण कर जनपदवासियों को समर्पित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों के साथ मैदान में उतरे और क्रिकेट व फुटबॉल खेलकर युवाओं का उत्साह बढ़ाया।

मुख्यमंत्री ने क्रिकेट मैदान का रिबन काटकर उद्घाटन किया और स्वयं बल्लेबाजी करते हुए छह गेंदों का ओवर खेलकर पिच का औपचारिक शुभारंभ किया। मैदान में मुख्यमंत्री का खिलाड़ियों के साथ आत्मीय और उत्साहपूर्ण अंदाज देखने को मिला।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों और युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का सशक्त जरिया भी हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के साथ फुटबॉल, हॉकी समेत अन्य खेल गतिविधियों में भी सहभागिता की।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान युवाओं को नशे के खिलाफ शपथ दिलाई और उन्हें स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन और सकारात्मक सोच की ओर अग्रसर करते हैं तथा राज्य में चल रहे नशा मुक्ति अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले नौ खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेलों को बढ़ावा देने और युवाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। नई खेल नीति के माध्यम से खिलाड़ियों को हरसंभव सहायता दी जा रही है ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल महाकुंभ जैसे आयोजनों से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की प्रतिभाओं को मंच मिल रहा है। उन्होंने राज्य में आधुनिक खेल सुविधाओं और खेल अधोसंरचना को लगातार मजबूत किए जाने की बात कही।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि इस क्रिकेट मैदान में चारों ओर फ्लड लाइट की व्यवस्था भी की जाएगी। इस मौके पर जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित