देहरादून , सितम्बर 28 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सोमवार दोपहर दिल्ली प्रवास से लौटते ही सीधे आईटी पार्क स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचे। उन्होंने प्रदेश के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ऊंचाई वाले इलाकों में ट्रैकिंग के दौरान फंसे ट्रैकर्स और पर्वतारोहियों के लिए चलाए जा रहे राहत एवं बचाव अभियान की स्वयं समीक्षा की।
श्री धामी ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अधिकारियों से बचाव अभियान की अद्यतन जानकारी ली और फंसे हुए प्रत्येक व्यक्ति की सुरक्षित वापसी को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न जिलों में फंसे ट्रैकर्स एवं पर्वतारोहियों की संख्या, उनके वर्तमान लोकेशन, अब तक किए गए रेस्क्यू तथा शेष लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि रेस्क्यू ऑपरेशन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो और मौसम एवं भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए उपलब्ध सभी संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने मुख्यमंत्री को बताया कि राज्य के विभिन्न उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हाई एल्टीट्यूड ट्रैकिंग के दौरान कुल 179 ट्रैकर्स एवं पर्वतारोहियों के फंसे होने की जानकारी प्राप्त हुई थी। इनमें 136 लोग उत्तरकाशी तथा 43 लोग बागेश्वर जनपद के पिंडारी क्षेत्र में फंसे हुए थे।
मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी में संचालित बचाव अभियान की विशेष रूप से जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि उत्तरकाशी में फंसे 136 लोगों में से 40 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया है। वहीं, 40 लोगों ने फिलहाल रेस्क्यू कराने से इनकार किया है और अपनी यात्रा जारी रखने की इच्छा व्यक्त की है। शेष लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान आज सुबह छह बजे से पुनः प्रारंभ किया जाएगा। अवगत कराया गया कि बचाव अभियान के लिए कुल आठ हेलीकॉप्टर तैनात किए गए हैं। इस पर मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि आवश्यकता पड़ने पर उपलब्ध हवाई संसाधनों का तत्काल उपयोग किया जाए। उन्होंने हेली एंबुलेंस को भी स्टैंडबाय मोड में रखने के निर्देश दिए, ताकि बचाव अभियान के दौरान किसी व्यक्ति को चिकित्सकीय सहायता की आवश्यकता होने पर उसे तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
श्री धामी ने जिलाधिकारी उत्तरकाशी से भी बात कर मौके की स्थिति की जानकारी ली। जिन्होंने बताया कि मौसम एवं परिस्थितियों को देखते हुए शेष ट्रैकर्स एवं पर्वतरोहियों को सुरक्षित निकालने के लिए सुबह दोबारा बचाव अभियान शुरू किया। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि बचाव टीमों को सभी आवश्यक सहयोग एवं संसाधन उपलब्ध कराए जाएं तथा अभियान की लगातार मॉनिटरिंग की जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित