चम्पावत , जुलाई 10 -- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देहरादून स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के मुख्य सेवक सदन से वर्चुअल माध्यम से चम्पावत जिला को स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास की दो महत्वपूर्ण सौगात दी।

श्री धामी ने टनकपुर उप जिला चिकित्सालय में नई स्वास्थ्य सुविधाओं का उद्घाटन करने के साथ ही डांडा ककनई में नेस्ले इंडिया एवं भारतीय कृषि उद्योग प्रतिष्ठान (बीएआईएफ ) के सहयोग से संचालित उत्तराखंड कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व(सीएसआर) -2026 समग्र ग्राम विकास कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीएसआर केवल सामाजिक दायित्व नहीं बल्कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने उद्योग जगत से उत्तराखंड के समग्र विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने और अपने सीएसआर संसाधनों का अधिकतम उपयोग राज्य के हित में करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां अन्य राज्यों से अलग हैं। इसलिए यहां का विकास रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और ग्राम विकास को समान प्राथमिकता देते हुए किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सरकार की पारदर्शी नीतियों और उद्योग जगत के सहयोग से उत्तराखंड सतत एवं समावेशी विकास का राष्ट्रीय मॉडल बनेगा।

इस अवसर पर टनकपुर उप जिला चिकित्सालय में दो अत्याधुनिक डायलिसिस (गुर्दा शोधन) मशीनों और एक नई हृदय विद्युत लेख (ईसीजी) मशीन का लोकार्पण किया गया। इन सुविधाओं के शुरू होने से सीमांत क्षेत्र के मरीजों को स्थानीय स्तर पर बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी तथा गंभीर मरीजों को उपचार के लिए अन्य शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।

इसके बाद श्री धामी ने राजकीय इंटर कॉलेज, डांडा ककनई से समग्र ग्राम विकास कार्यक्रम का वर्चुअल शुभारंभ किया और क्षेत्रवासियों से संवाद किया। इस कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य, शिक्षा, स्वच्छता, जल संरक्षण, सौर ऊर्जा, महिला सशक्तिकरण, कौशल विकास, स्वरोजगार और ग्रामीण आधारभूत संरचना के क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्य किए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित