टिहरी , मई 27 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को टिहरी गढ़वाल जिले गजा स्थित अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज पहुंचकर "गजा घण्टाकर्ण महोत्सव-2026" (द्वितीय संस्करण) का दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत शुभारम्भ किया और कहा कि राज्य निर्माण में योगदान देने वाले आंदोलनकारियों का संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

इस महोत्सव के आरंभ के साथ क्षेत्र में उत्साह, आस्था और सांस्कृतिक रंगों का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम से igys मुख्यमंत्री ने गजा स्थित घण्टाकर्ण मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्रीय देवता का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश और देश की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की कामना की।

श्री धामी ने गजा चौराहे पर स्थापित उत्तराखंड राज्य आंदोलन की शहीद बेलमती चौहान की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उन्होंने क्षेत्रवासियों को महोत्सव की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे आयोजन स्थानीय संस्कृति, लोक परंपराओं और सामाजिक एकता को सशक्त बनाने के साथ-साथ पर्यटन और क्षेत्रीय पहचान को भी नई दिशा देते हैं।

महोत्सव के शुभारम्भ अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। आयोजन स्थल पर पारंपरिक संस्कृति और लोक आस्था की विशेष झलक देखने को मिली।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित