देहरादून , जनवरी 30 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सड़क सुरक्षा, सौंग बांध निर्माण, आपदा राहत, सीएम घोषणाओं के क्रियान्वयन एवं नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन से संबंधित अनेक महत्वपूर्ण स्वीकृति प्रदान करते हुए इन योजनाओं के लिए 200 करोड़ रुपए से अधिक की धनराशि जारी करने का अनुमोदन किया है।

श्री धामी ने "पूंजी निवेश के लिए राज्यों को विशेष सहायता" योजना के तहत वर्तमान वित्त वर्ष के लिए निर्माणाधीन सौंग बांध पेयजल परियोजना के अवस्थापना निर्माण कार्यों हेतु 103.80 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त किए जाने को अनुमोदन प्रदान किया है। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा अनुरक्षण मद में 73.11 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने राज्य में नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिलों एवं प्रशिक्षण केन्द्रों में वर्चुअल कंप्यूटर लैब की स्थापना और फॉरेंसिक वर्कस्टेशन बनाने की महत्वपूर्ण योजनाओं को स्वीकृति प्रदान की गई है। जिसके तहत सभी जिलों एवं प्रशिक्षण केन्द्रों में वर्चुअल कंप्यूटर लैब की स्थापना के लिए 4.83 करोड़ रुपए तथा फॉरेंसिक वर्कस्टेशन के लिए आवश्यक हार्डवेयर, सॉफ्टवेयर एवं सॉल्यूशंस की खरीद को 4.30 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।

मुख्यमंत्री ने उत्तरकाशी जिला तहसील भटवाड़ी अंतर्गत, ग्राम धराली में पिछले पांच अगस्त को आई प्राकृतिक आपदा से क्षतिग्रस्त व्यावसायिक प्रतिष्ठानों एवं भवनों के प्रभावितों को मुख्यमंत्री राहत कोष से कुल छह करोड़ 60 लाख 95 हजार 800 रुपए की धनराशि स्वीकृत की है। इस आपदा से धराली, मुखवा एवं हर्षिल क्षेत्रों में कृषि भूमि को हुई क्षति के लिए भी 64 प्रभावितों को मुख्यमंत्री राहत कोष से अतिरिक्त राहत राशि के रूप में कुल छह लाख, बहत्तर हजार, चौबीस रुपए की धनराशि स्वीकृत की गई है। उनके निर्देशानुसार, इन स्वीकृतियों से संबंधित शासनादेश भी जारी कर दिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने अपनी घोषणाओं से संबंधित नौ योजनाओं के लिए भी 2.21 करोड़ रुपए की धनराशि स्वीकृत की है। जिनसे संबंधित शासनादेश भी तत्काल निर्गत कर दिए गए हैं। जारी स्वीकृतियों में जनपद उत्तरकाशी के विधानसभा क्षेत्र पुरोला के अंतर्गत धौला से इस्त्रागाड़-चांगशील पर्यटन मार्ग के मरम्मत कार्य को 43.99 लाख की धनराशि अनुमोदित की गई है। इसके अतिरिक्त, जनपद पिथौरागढ़ के विधानसभा क्षेत्र धारचूला के विकासखंड मुनस्यारी में धापा से क्वीरी तक संपर्क मार्ग निर्माण कार्य के लिए 54.77 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। देहरादून जिला के विधानसभा क्षेत्र चकराता में समाज कल्याण विभाग से संबंधित मुख्यमंत्री की विभिन्न घोषणाओं के अंतर्गत सात योजनाओं के क्रियान्वयन के लिए भी 1.22 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित