देहरादून , जनवरी 29 -- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को अपने शिविर कार्यालय से राज्य के सरकारी स्कूलों में छात्र कौशल संवर्धन और आधुनिक तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 'लैब ऑन व्हील्स' का शुभारंभ किया।
यह लैब ऑन व्हील्स छात्रों को ए.आई, कोडिंग, आई.ओ.टी एवं अन्य इमर्जिंग टेक क्षेत्रों में कौशल संवर्धन के लिए हैण्ड्स ऑन सुविधा उपलब्ध कराएगा। इसके साथ ही विज्ञान विषय के विभिन्न प्रयोगों को वर्चुअल मोड से सीखने में सहायता प्रदान करेगा।
लैब ऑन व्हील्स छात्रों को काम करते-करते सीखना के लिए बेहतर प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराएगा। इंफोसिस स्प्रिंगबोर्ड लैब ऑन व्हील्स आगामी पांच वर्ष तक पूरे राज्य संस्थाओं में जाकर छात्रों को जागरूक करते हुए उनको व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करेगा और उनको वैश्विक संभावनाओं से जोड़ेगा। साथ ही, राज्य में छात्रों के लिए व्यावहारिक प्रशिक्षण की अनुपलब्धता को न्यून करेगा। लैब ऑन व्हील्स में उपलब्ध व्यावहारिक एवं प्रयोगात्मक उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं विद्यालयी शिक्षा ग्रहण कर रहे छात्रों हेतु उपयोगी है।
इस अवसर पर विधायक सविता कपूर, प्रमोद नैनवाल, उच्च शिक्षा उन्नयन समिति के उपाध्यक्ष डॉ. देवेन्द्र भसीन, डॉ. जयपाल सिंह चौहान, सचिव उच्च शिक्षा डॉ. रंजीत कुमार सिन्हा, उच्च शिक्षा, तकनीकि शिक्षा के अधिकारी एवं इंफोसिस प्रतिनिधि उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित