देहरादून , नवम्बर 09 -- उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सूचना एवं लोक संपर्क विभाग की विकास पुस्तिका-2026 'सशक्त नेतृत्व, विकास की ऊँची उड़ान' का विमोचन किया।

श्री धामी ने स्थानीय गोरखा मिलिट्री इंटर कॉलेज, गढ़ी कैंट में आयोजित समारोह में कहा कि यह पुस्तिका प्रदेश की विकास यात्रा, जन कल्याणकारी योजनाओं और विभिन्न क्षेत्रों में हासिल उपलब्धियों का महत्वपूर्ण दस्तावेज है। यह जनता के सामने सरकार के कार्यों का हिसाब प्रस्तुत करने के साथ भविष्य की जिम्मेदारियों का भी स्मरण कराती है। उन्होंने राज्य आंदोलन के अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राज्य आंदोलनकारियों के संघर्ष और योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य का निर्माण जनता के लंबे संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। राज्य निर्माण में मातृशक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का स्मरण करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में पृथक उत्तराखण्ड राज्य का सपना साकार हुआ। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य को समृद्ध और विकसित बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि विकास का वास्तविक अर्थ केवल योजनाओं और आंकड़ों तक सीमित नहीं है, बल्कि उसका सकारात्मक प्रभाव आम नागरिकों के जीवन में दिखाई देना चाहिए। किसी गांव तक सड़क पहुंचने से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलती हैं, विद्यालयों में अच्छी सुविधाएं मिलने से बच्चों के सपनों को नई उड़ान मिलती है और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने से पलायन की समस्या का समाधान होता है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य लोगों की कठिनाइयों को कम करना और प्रत्येक परिवार का भविष्य बेहतर बनाना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखण्ड में आधारभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है। चारधाम ऑल वेदर रोड परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे तथा ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना राज्य के विकास को नई गति प्रदान कर रही हैं। हवाई और हेली सेवाओं के विस्तार से दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर हो रही है। इससे पर्यटन, व्यापार और स्थानीय रोजगार की संभावनाएं बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य और शिक्षा के क्षेत्र में भी निरंतर सुधार कर रही है। प्रत्येक जनपद में मेडिकल कॉलेज स्थापित करने के लक्ष्य के साथ कार्य किया जा रहा है। देहरादून, हल्द्वानी और श्रीनगर में विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार तथा किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर जैसी सुविधाओं के विकास से स्वास्थ्य सेवाएं और सुदृढ़ होंगी। विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की उपलब्धियां संतोष प्रदान करती हैं, लेकिन जिम्मेदारियां और अधिक कार्य करने की प्रेरणा देती हैं। प्रत्येक गांव तक बेहतर सुविधाएं पहुंचाने, रोजगार के नए अवसर विकसित करने, खेती को लाभकारी बनाने और आपदा प्रबंधन की तैयारियों को मजबूत करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने अपने संबोधन के समापन पर 'अभी बहुत आगे हमें जाना है' कविता की पंक्तियों के माध्यम से राज्य आंदोलनकारियों के सपनों के अनुरूप विकसित उत्तराखण्ड के निर्माण का संकल्प दोहराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित