ऋषिकेश , मार्च 19 -- उत्तराखंड मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को यहां अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज से मिलकर उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली।
सतपाल महाराज को कुछ स्वास्थ्य कारणों से मंगलवार शाम को एम्स में भर्ती किया गया था।
श्री धामी ने चिकित्सकों से सतपाल महाराज के स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को उन्हें सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री के साथ विधायक एवं पूर्व मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल और राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल थी। विधायक अग्रवाल ने बताया कि सतपाल महाराज का स्वास्थ्य धीरे-धीरे सुधर रहा है और एम्स प्रशासन के अनुसार उन्हें जल्द ही छुट्टी दी जा सकती है।
सतपाल महाराज के जनसंपर्क अधिकारी निशीथ सकलानी ने यूनीवार्ता को बताया कि उन्हें सर्दी, खांसी जैसी शिकायत होने पर एम्स में भर्ती किया गया था, जहां चिकित्सक उनका आवश्यकता अनुसार उपचार कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित