चम्पावत , अप्रैल 17 -- मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की चंपावत विधानसभा में प्रस्तावित अत्याधुनिक सुविधाओं वाले 'सिटी सेंटर' को शासन से हरी झंडी मिल गई है। शासन से 62.33 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी गई है। इस पर जल्द निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि इस सिटी सेंटर में बहुमंजिला (मल्टीस्टोरी) पार्किंग और आधुनिक शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जाएगा। जिससे शहर की बढ़ती पार्किंग समस्या का समाधान होने के साथ ही नागरिकों को एक ही स्थान पर बेहतर बाजार सुविधाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना चम्पावत के शहरी ढांचे को नया स्वरूप देने में मील का पत्थर साबित होगी। साथ ही इससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और पर्यटन गतिविधियों में भी वृद्धि होगी।
जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप परियोजना को पूर्ण पारदर्शिता और उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा। सिटी सेंटर के निर्माण से जहां शहर की सुंदरता में इजाफा होगा वहीं स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित