धार , अप्रैल 04 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के धामनोद में रसोई गैस की कमी से परेशान उपभोक्ताओं ने इंडियन गैस एजेंसी के बाहर प्रदर्शन किया। उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि टोकन मिलने के बावजूद डेढ़ महीने से सिलेंडर उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार पुराने एबी रोड स्थित सुन्दरेल फाटे के पास एजेंसी के बाहर सुबह से ही बड़ी संख्या में महिलाएं, मजदूर और ग्रामीण अपने खाली सिलेंडर व टोकन लेकर एकत्रित हो गए। गैस वितरण शुरू नहीं होने पर लोगों का आक्रोश बढ़ गया और उन्होंने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।
उपभोक्ताओं का कहना था कि उन्होंने 8 से 10 दिन पहले ही सिलेंडर बुक कराया था, जबकि कई के पास 1 अप्रैल के टोकन भी हैं, इसके बावजूद गैस नहीं मिल रही है। मजदूरी कर जीवन यापन करने वाले परिवारों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
प्रदर्शन के दौरान उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया कि एजेंसी के कर्मचारी और संचालक मौके से अनुपस्थित थे तथा एजेंसी पर ताला लगा हुआ था, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया। करीब 100 से अधिक लोग घंटों लाइन में खड़े रहे, लेकिन एक भी सिलेंडर का वितरण नहीं हो सका।
स्थिति की जानकारी मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाइश दी। अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि गैस आपूर्ति जल्द सामान्य कर दी जाएगी और 2 से 4 दिनों में समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित