मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी , जनवरी 24 -- छत्तीसगढ़ में मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के ग्राम बोहर भेड़ी में आर्थिक तंगी से जूझ रहे किसान द्वारा आत्महत्या किए जाने की घटना को छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने अत्यंत गंभीरता से लिया है।
पार्टी का आरोप है कि सरकारी धान संग्रहण केंद्र में धान की बिक्री न हो पाने के कारण किसान मानसिक रूप से परेशान था, जिसके चलते उसने यह दुखद कदम उठाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बोहर भेड़ी निवासी किसान खुमान साहू (पिता स्व. गन्नू साहू) अपनी उपज बेचने के लिए लगातार सरकारी धान संग्रहण केंद्र सोसाइटी भोलापुर के चक्कर काट रहे थे, लेकिन धान खरीदी न होने से वे गहरी हताशा और मानसिक तनाव में थे। इसी आर्थिक और मानसिक दबाव के चलते उन्होंने आत्महत्या कर ली।
इस हृदयविदारक घटना पर संज्ञान लेते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के निर्देश पर कांग्रेस संगठन ने तत्काल प्रभाव से नौ सदस्यीय उच्चस्तरीय जांच समिति का गठन किया है। जांच समिति का नेतृत्व विधायक इंद्रशाह मंडावी को सौंपा गया है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जांच दल को निर्देश दिए हैं कि वह शीघ्र ग्राम बोहर भेड़ी का दौरा कर पीड़ित परिवार से मुलाकात करे तथा स्थानीय ग्रामीणों एवं सहकारी समिति भोलापुर के पदाधिकारियों से चर्चा कर घटना की वास्तविक परिस्थितियों की जानकारी ले।
जांच समिति सभी पहलुओं की गहन जांच कर अपनी विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र ही प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित