चंडीगढ़ , सितंबर 21 -- हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष एवं हरियाणा कान्फैड के पूर्व चेयरमैन बजरंग गर्ग ने अनाज मंडी के दौरे के बाद कहा कि सरकार द्वारा धान और बाजरे की सरकारी खरीद शुरू न किए जाने से किसानों और आढ़तियों में भारी रोष है। उन्होंने सरकार से अपने वायदे के अनुसार दोनों फसलों की सरकारी खरीद तुरंत शुरू करने की मांग की।

बजरंग गर्ग ने कहा कि धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 2561 रुपये प्रति क्विंटल है, जबकि खुले बाजार में यह करीब 2000 रुपये प्रति क्विंटल बिक रहा है। इसी तरह बाजरे का एमएसपी 2975 रुपये प्रति क्विंटल है, जबकि बाजार में इसके 1800 से 2000 रुपये प्रति क्विंटल तक भाव मिल रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि सरकारी खरीद न होने के कारण धान एमएसपी से 561 रुपये और बाजरा करीब 1000 रुपये प्रति क्विंटल कम भाव पर बिक रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण किसान और आढ़ती दोनों परेशान हैं। सरकार को हरियाणा में पैदा होने वाली सभी फसलों की एमएसपी पर सरकारी खरीद सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री की 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदने की घोषणा पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में 24 फसलों की पैदावार नहीं होती।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित