उचाना , अक्टूबर 03 -- हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त के मार्गदर्शन और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह की अध्यक्षता में उचाना में ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनता के बीच कांग्रेस की सक्रियता बढ़ाने और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का आह्वान किया गया।

संजय दत्त ने कहा कि किसान तैयार फसल लेकर मंडियों में पहुंच रहा है, लेकिन धान और बाजरे की खरीद, उठान और भुगतान को लेकर उसे परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार को सुनिश्चित करना चाहिए कि किसानों को फसल बेचने के लिए मंडियों में भटकना न पड़े और खरीद, उठान तथा भुगतान समय पर हो।

उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को लेकर भी आम लोगों में चिंता है। महिलाओं, व्यापारियों और आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण देना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं के रोजगार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि सरकार को रोजगार के अवसर बढ़ाने, भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी बनाने और युवाओं के भविष्य के लिए ठोस नीति तैयार करने की जरूरत है।

एसआईआर और मतदाता सूची में बदलाव को लेकर संजय दत्त ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सुरक्षित रहना चाहिए। किसी भी नाम को हटाने से पहले संबंधित व्यक्ति को उचित अवसर मिलना चाहिए और पूरी प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 'वोट चोरी और चंदा चोरी' के मुद्दे को जनता के बीच उठाती रहेगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि किसान अपनी फसल और युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। मंडियों में पर्याप्त खरीद व्यवस्था, बारदाना, उठान और समय पर भुगतान सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकार को कागजी समीक्षा के बजाय मंडियों में जाकर किसानों की वास्तविक स्थिति देखनी चाहिए।

राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि कानून-व्यवस्था, महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और जनसुविधाओं से जुड़े मुद्दों को कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव और घर-घर तक लेकर जाएं। बूथ स्तर पर मजबूत संगठन ही जनता की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने का माध्यम बनेगा।

पूर्व केंद्रीय मंत्री कुमारी शैलजा ने कहा कि किसान, मजदूर और युवा अपने अधिकारों तथा भविष्य को लेकर सरकार से जवाब मांग रहे हैं। किसानों की फसल समय पर खरीदने और भुगतान में देरी नहीं करने की व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता की समस्याओं को समझकर मजबूती से उठाने का आह्वान किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित