जांजगीर-चांपा , जनवरी 31 -- छत्तीसगढ़ में जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ ब्लॉक के अंतर्गत ग्राम कसौंदी में धान टोकन नहीं कटने से परेशान एक किसान ने आज मोबाइल टावर पर चढ़कर विरोध जताया। किसान की इस हरकत से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद प्रशासन और पुलिस की समझाइश से किसान को सुरक्षित नीचे उतारा गया।
जानकारी के अनुसार किसान अनिल गढ़वाल पहले ही एक किस्त में 28 क्विंटल धान खरीदी केंद्र में बेच चुका था, लेकिन शेष 29 क्विंटल धान का टोकन नहीं कटने के कारण वह लंबे समय से संबंधित विभाग के चक्कर लगा रहा था। टोकन नहीं कटने से आर्थिक और मानसिक तनाव में आकर किसान ने यह कदम उठाया।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आया। मौके पर तहसीलदार, एसडीएम एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी पहुंचे। टावर पर चढ़े किसान को समझाने का प्रयास किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे।
लगातार समझाइश और भरोसा दिलाने के बाद आखिरकार किसान अनिल गढ़वाल टावर से नीचे उतरा। प्रशासन ने किसान की समस्या का समाधान कराने और नियमानुसार धान खरीदी प्रक्रिया पूरी कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई।
घटना ने एक बार फिर किसानों की समस्याओं और धान खरीदी व्यवस्था में आ रही दिक्कतों को उजागर किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित