मुरादाबाद , अक्टूबर 28 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिला प्रशासन ने अधिकारियों को चेतावनी दी है कि धान खरीद प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर अनियमितता पाए जाने पर क्रय केंद्र प्रभारी तथा संबंधित नोडल एजेंसी के प्रबंधक के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। धान खरीद वर्ष 2026-27 के अंतर्गत स्थापित क्रय केंद्रों के प्रभारियों के साथ बैठक में जिलाधिकारी अनुनय झा ने धान खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होने कहा कि किसानों की शिकायतों की जांच में अनियमितता की पुष्टि होने पर एफआईआर सहित अन्य कठोर कार्रवाई भी सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि खाद्य विभाग एवं भारतीय खाद्य निगम के क्रय केंद्रों में प्रवेश द्वार पर एक नवंबर तक अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे स्थापित कराए जाएं तथा कैमरों का 15 दिन का डाटा सुरक्षित रखा जाए। इसके साथ ही क्रय केंद्रों पर किसानों का विवरण निर्धारित रजिस्टर में अनिवार्य रूप से दर्ज किया जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित