भुवनेश्वर , फरवरी 21 -- ओडिशा विधानसभा की कार्यवाही किसानों से जुड़े मुद्दों और धान खरीद में कथित अनियमितताओं को लेकर विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण शनिवार को लगातार चौथे दिन भी बाधित रही।
विधानसभा अध्यक्ष सुरामा पाढ़ी को बार-बार हो रहे व्यवधानों के चलते सदन की कार्यवाही दो बार स्थगित हुई। कांग्रेस और बीजू जनता दल (बीजद) के निरंतर विरोध प्रदर्शन के कारण विधानसभा में 'प्रश्नकाल' और 'शून्यकाल' सुचारू रूप से संचालित नहीं हो सके। सुबह 10:30 बजे जैसे ही सदन की कार्यवाही शुरू हुई, बीजद और कांग्रेस के सदस्य हाथों में तख्तियां लिए और सरकार विरोधी नारेबाजी करते हुए सदन के बीचों-बीच पहुंच गए। कांग्रेस के विधायक विरोध स्वरूप काली पट्टी बांधकर सदन में आए थे।
विधानसभा अध्यक्ष ने सदन में हंगामा देखते हुए कार्यवाही 11:30 बजे तक स्थगित कर दी। सदन की कार्यवाही 11:30 बजे फिर शुरु हुई लेकिन हंगामे के कारण कामकाज नहीं सका। इसे देखते हुए सदन की कार्यवाही एक बार फिर 4:00 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी।
विपक्ष ने राज्य भर की मंडियों में धान खरीद में बड़े पैमाने पर कुप्रबंधन और अनियमितताओं का आरोप लगाया। उन्होंने सरकार पर किसानों की शिकायतों का समाधान करने में विफल रहने का आरोप लगाते हुए तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने और किसान समुदाय के लिए न्याय की मांग की।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित