रायपुर , जनवरी 29 -- छत्तीसगढ़ में किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) ने गुरुवार को राज्यव्यापी धरना प्रदर्शन किया और राजधानी रायपुर के अभनपुर स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर चक्का जाम किया। पार्टी ने राज्य सरकार पर धान खरीद प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए खरीदी की अवधि 28 फरवरी तक बढ़ाने की मांग की।

आप ने आरोप लगाया कि भले ही राज्य के मंत्रिमंडल का हर सदस्य किसान परिवार से है लेकिन सरकार किसानों के साथ अन्याय कर रही है। पार्टी के अनुसार, धान खरीदी की घोषित तिथियों से छेड़छाड़ की गई और अब 29 जनवरी को ही इसे बंद किया जा रहा है, जबकि पहले 31 जनवरी तक खरीद का वादा किया गया था।

पार्टी ने कहा कि सरकार ने लाखों छोटे किसानों से जबरदस्ती रकबा समर्पण करवाया है और टोकन व्यवस्था में भी भेदभाव किया गया। कई किसानों को अभी तक ऑनलाइन या ऑफलाइन टोकन नहीं मिला है। इसके अलावा, धान खरीद केंद्रों पर दैनिक लिमिट कम कर दी गई, जिससे किसानों को लंबी प्रतीक्षा करनी पड़ी।

आप ने सरकार पर किसानों को अपमानित करने का भी आरोप लगाया। पार्टी के मुताबिक, टोकन काटने से पहले पटवारी और तहसीलदार किसानों के घर जाकर भौतिक सत्यापन कर रहे हैं, जो एक संदेहास्पद प्रक्रिया है। पार्टी ने धान बोने से लेकर बिक्री तक हर चरण में किसानों को हो रही परेशानी का हवाला दिया।

पार्टी ने राज्य सरकार से मांग की कि वह किसानों से जबरदस्ती रकबा समर्पण कराना बंद करे, सभी किसानों को समुचित टोकन उपलब्ध कराए और धान खरीदी की अंतिम तिथि 28 फरवरी तक बढ़ाए। पार्टी ने चेतावनी दी कि अगर मांगें नहीं मानी गईं, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित