राजनांदगांव , दिसंबर 04 -- छत्तीसगढ़ में धान खरीदी में राजनांदगांव अव्वल रहा है।
राजनांदगांव जिले के कलेक्टर जितेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जिले में धान खरीदी कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। राज्य में सर्वाधिक रकबा समर्पण का रिकॉर्ड इस वर्ष राजनांदगांव जिले ने अपने नाम किया है। जिले के 1,31,437 कृषकों द्वारा कुल 1,49,402.17 हेक्टेयर रकबे का पंजीकरण कराया गया है।
अब तक जिले के 23,374 किसानों ने 1,19,360 मीट्रिक टन धान का विक्रय किया है। इनमें से 5,781 किसानों ने 481.87 हेक्टेयर रकबा समर्पण किया है। रकबा समर्पण में उत्कृष्ट कार्य को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न धान उपार्जन केंद्रों के समिति प्रबंधकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कलेक्टरेट सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में श्री जितेन्द्र यादव ने धान उपार्जन केंद्र कुहीकला के समिति प्रबंधक हरनारायण रामटेके, जोशीलमती केंद्र के समिति प्रबंधक गणपतराम सिन्हा तथा गहिराभेड़ी केंद्र के समिति प्रबंधक बसंत कुमार साहू को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
कलेक्टर ने जिले के अन्य धान खरीदी केंद्र प्रभारियों को रकबा समर्पण कार्य में और अधिक प्रगति लाने के निर्देश दिए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित