रायपुर , जनवरी 30 -- छत्तीसगढ़ में धान खरीदी को लेकर एक बार फिर सियासत गरमा गई है। कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कड़ा रुख अपनाते हुए विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसी कारण वह केवल विरोध की राजनीति कर रही है।
नारायणपुर रवाना होने से पूर्व शुक्रवार को रायपुर में मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री साय ने कहा कि धान खरीदी की प्रक्रिया अपने अंतिम चरण में है और राज्यभर में यह कार्य सुचारु रूप से संचालित हो रहा है। उन्होंने बताया कि हाल ही में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि किसानों को समय पर टोकन मिले और धान की खरीदी में किसी भी प्रकार की देरी न हो। इस दिशा में प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है।
भूमि की गाइडलाइन से जुड़े सवाल पर श्री साय ने कहा कि इसमें आवश्यक संशोधन किए गए हैं और आमजन से सुझाव भी आमंत्रित किए गए थे। फिलहाल इस विषय पर प्रक्रिया जारी है और अंतिम निर्णय जल्द लिया जाएगा।
निजी अस्पतालों द्वारा आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज बंद करने की चेतावनी पर मुख्यमंत्री ने कहा कि अस्पतालों का जो भी बकाया है, उसे नियमानुसार जारी किया जाएगा, ताकि गरीब और जरूरतमंद मरीजों को इलाज में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
गौरतलब है कि मुख्यमंत्री साय नारायणपुर जिले के दो दिवसीय दौरे पर रवाना हुए हैं। इस प्रवास के दौरान उनके साथ राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा भी मौजूद रहेंगे। दौरे के दौरान जिले में 361 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित