रायपुर , नवंबर 16 -- छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा है कि राज्य में में धान खरीदी की पुख्ता व्यवस्था की गई है। प्रदेश में 15 नवंबर से सुचारु रूप से धान खरीदी प्रारंभ हुई है और पहले ही दिन अलग-अलग सहकारी सोसायटी में 20 हजार क्विंटल धान की खरीदी हुई है।

श्री साव ने रविवार को यहां कहा कि प्रदेश के किसान पूरी तरह से निश्चिंत रहे क्योंकि सरकार ने धान खरीदी की पुख्ता व्यवस्था की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया है कि धान खरीदी में किसानों को किसी भी प्रकार से दिक्कत ना हो। मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद अधिकारी पूरी तत्परता से व्यवस्था संचालन में जुटे है।

श्री साव ने कांग्रेस के खरीदी केंद्रों के निगरानी पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस ने किसानों के साथ धोखा किया है, वो क्या निगरानी करेंगे। दो साल का पुराना बोनस देने का वादा किया था, लेकिन पांच साल के सरकार में नहीं दिया। चार किस्त में देते थे और चौथी किस्त में कटौती करते थे। छत्तीसगढ़ के किसान कांग्रेसियों की नियत अच्छी तरह से जानते है।

श्री साव ने बिहार में छत्तीसगढ़ के कांग्रेस नेताओं के प्रचार वाले विधानसभा में हार पर कहा कि, आज कांग्रेस की विश्वनीयता समाप्त हो गई है। छत्तीसगढ़ के कांग्रेसी विशेष रूप से जनता से बार-बार नकारे गए हैं। ऐसे में दूसरे राज्य की जनता इन पर कैसे भरोसा करेगी जबकि छत्तीसगढ़ के हम भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) कार्यकर्ता और वरिष्ठ नेता वहां के संगठन के लोगों के साथ मिलकर उनके सहयोग से प्रचार में गए और ऐतिहासिक परिणाम बिहार में आया है। बिहार की जनता ने विकास और सुशासन को चुना है।

उन्होंने सुकमा में तीन नक्सलियों के मारे जाने पर सुरक्षाबलों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ निर्णायक लड़ाई चल रही है। हमारे सुरक्षा बल के जवान लगातार जंगलों में ऑपरेशन चला रहे है और निश्चित रूप से मार्च 2026 में राज्य से सशस्त्र नक्सलवाद समाप्त हो जाएगा। सुरक्षा बल के जवानों को बधाई देता हूं। वे दुर्गम इलाकों में जाकर नक्सल उन्मूलन का काम कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित