पटना , सितंबर 30 -- सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने बुधवार को पटना प्रमंडल के छह जिलों पटना, नालंदा, भोजपुर, बक्सर, रोहतास और कैमूर में विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं कार्यों की प्रगति की समीक्षा की है। श्री यादव ने आगामी धान अधिप्राप्ति प्रक्रिया को पारदर्शी एवं व्यवस्थित तरीके से संचालित करने का निर्देश दिया।

सहकारिता मंत्री ने कहा है कि धान अधिप्राप्ति में किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मुख्यालय स्तर के पदाधिकारी नियमित रूप से स्थल निरीक्षण करें। खरीद में गड़बड़ी पाए जाने पर संबंधित पैक्स के साथ-साथ क्षेत्रीय पदाधिकारियों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी और दोषियों के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई होगी। उन्होंने एक नवंबर से शुरू होने वाली धान अधिप्राप्ति के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया है, जिससे किसानों को किसी तरह की परेशानी न हो और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे।

बैठक में पैक्सों के माध्यम से धान अधिप्राप्ति, बिहार राज्य फसल सहायता योजना, गोदाम निर्माण, विश्व की सबसे बड़ी अन्न भंडारण योजना, कॉमन सर्विस सेंटर, बैंक मित्र योजना और सहकारिता में सहकार सहित विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित