पटना, अक्टूबर 16 -- िहार में खरीफ विपणन मौसम 2026-27 के अंतर्गत धान अधिप्राप्ति की प्रक्रिया प्रारंभ करने की तैयारी शुरू कर दी गई है। उत्तर बिहार में 01 नवंबर से तथा दक्षिण बिहार में 15 नवंबर से धान अधिप्राप्ति की प्रक्रिया प्रारंभ करने की तैयारी है।
भारत सरकार द्वारा सामान्य धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य Rs.2,441 प्रति क्विंटल तथा ग्रेड-ए धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य Rs.2,461 प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। इस व्यवस्था का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य उपलब्ध कराना है।
सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि धान अधिप्राप्ति की पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी। किसानों की सुविधा और हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अधिप्राप्ति के बाद लाभुक किसानों को 48 घंटे के अंदर भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।
धान अधिप्राप्ति 2026-27 में किसानों के लिए एग्री स्टैक के डाटा का उपयोग किया जाएगा। सहकारिता विभाग द्वारा धान अधिप्राप्ति के लिये इच्छुक सभी किसानों से अनुरोध किया गया है कि वह अपना एग्री स्टैक आईडी समय से बनवा लें। पैक्स एवं व्यापार मंडल के अध्यक्षों प्रबंधकों एवं पद धारकों से इस कार्य में सहयोग लिया जा सकता है। धान बिक्री के लिये इच्छुक किसानों का आवेदन की पोर्टल पर 20 अगस्त 2026 से ही प्रारंभ किया गया है।
सहकारिता विभाग द्वारा धान अधिप्राप्ति की प्रक्रिया को सुचारू, पारदर्शी एवं किसान हितैषी बनाने के लिए आवश्यक तैयारियाँ की जा रही हैं, जिससे किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित