रायपुर , अगस्त 22 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के भनपुरी इलाके में धर्म परिवर्तन के लिए कथित तौर पर प्रेरित करने और प्रलोभन देने का मामला सामने आया है। इस संबंध में गांधी चौक न्यू आनंद नगर निवासी 32 वर्षीय दुकानदार तरेन्द्र कुमार वर्मा ने तीन महिलाओं के खिलाफ पुलिस को लिखित शिकायत दी है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।

पुलिस ने आज बताया कि उन्हें मिली शिकायत में तरेन्द्र कुमार वर्मा ने सुषमा कोशिक, लक्ष्मी निषाद और सुरेखा रंगारे पर उसे ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करने का आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता के अनुसार तीनों महिलाएं उसकी परिचित हैं और उसकी मोबाइल दुकान पर आती-जाती हैं।

तरेन्द्र का आरोप है कि महिलाओं ने हिंदू धर्म को लेकर आपत्तिजनक बातें कहीं तथा उसे ईसाई धर्म अपनाने और यीशु की प्रार्थना करने के लिए कहा। शिकायत में दावा किया गया है कि महिलाओं ने उससे कहा कि प्रार्थना करने से दुख-दर्द और बीमारी दूर हो जाती है।

शिकायतकर्ता के मुताबिक घटना से करीब चार-पांच दिन पहले सुषमा ने उसे बताया था कि शुक्रवार को उसके घर में प्रार्थना सभा आयोजित होगी और उसे भी वहां आने के लिए कहा था। इसके बाद 21 अगस्त को दोपहर करीब 2:30 बजे तरेन्द्र सुषमा के घर के पास पहुंचा। शिकायत के अनुसार सुषमा उसे घर के अंदर ले गई, जहां करीब 20-25 लोग प्रार्थना कर रहे थे।

तरेन्द्र का आरोप है कि प्रार्थना सभा के दौरान सुषमा, लक्ष्मी और सुरेखा ने उसे ईसाई धर्म अपनाने के लिए कहा और प्रार्थना की शक्ति के बारे में बताया। इस पर उसने धर्म बदलने से इनकार कर दिया और वहां से बाहर निकलने की बात कही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित