दौसा , जुलाई 22 -- राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट ने केन्द्र सरकार पर लाखों-करोड़ों नौजवानों के सपनों को बर्बाद करने आरोप लगाते हुए कहा है कि केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धमेन्द्र प्रधान का इस्तीफा होना चाहिए।

श्री पायलट बुधवार को दौसा में मीडिया से बातचीत में कहा कि पिछले दो दिनों में सरकार का जो रवैया रहा है और जिस घमंड और आक्रमण की राजनीति का परिचय दिया जा रहा है, वह बड़ा दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राज्य सभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी कोई आतंकवादी नहीं है, अगर वे लोक कल्याण मार्ग पर धरना देकर मांग कर रहे थे कि शिक्षा मंत्री का इस्तीफा होना चाहिए, तो इसमें गलत क्या है। विद्यार्थियों के खिलाफ जो प्राथमिकी दर्ज की गयी हैं, उसे वापस करना चाहिए।

श्री पायलट ने आरोप लगाते हुए कहा कि जो इस दमनकारी सरकार की नीतियों के खिलाफ हैं, हम सब उसके साथ हैं। इसमें कोई दल, कोई विचारधारा, कोई पार्टी की बात नहीं है। अभी बहुत समय राजनीति करने का है, लेकिन आज हमें विद्यार्थियों के जख्मों पर मरहम लगाना है। युवाओं को विश्वास देना है। इस देश के नौजवानों का विश्वास अगर हमारी व्यवस्था से उठ जाएगा, तो देश के लिए बड़ा संकट पैदा होगा। उन्होंने कहा कि भाजपा वाले इस बात को समझ नहीं रहे। वे समझ रहे हैं कि बस प्रचार करके और लोगों को जुमले देकर और हिंदू-मुसलमान की बात करके लोगों का वोट बटोरते रहेंगे। यह बहुत लंबा चलने वाला नहीं है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित