नयी दिल्ली , मई 26 -- केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने मंगलवार को चार प्रमुख सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की पेमेंट गेटवे प्रणाली को मजबूत और छात्र हितैषी बनाने पर चर्चा की।
श्री प्रधान ने कहा कि पुनर्मूल्यांकन, उत्तर पुस्तिकाओं की फोटोकॉपी प्राप्त करने और अन्य शुल्क आधारित सेवाओं के लिए छात्रों को किसी भी प्रकार की तकनीकी परेशानी का सामना नहीं करना चाहिए। उन्होंने बैंकों को निर्देश दिया कि सीबीएसई के साथ मिलकर ऐसी मजबूत भुगतान प्रणाली तैयार की जाए, जिससे भुगतान प्रक्रिया सुचारु, सुरक्षित और तेज हो सके।
उन्होंने कहा कि भुगतान संबंधी समस्याओं के त्वरित समाधान, असफल या अतिरिक्त भुगतान की स्वत: वापसी तथा रियल टाइम मॉनिटरिंग जैसी सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाए। इसके लिए उन्नत तकनीकी सुरक्षा उपायों और प्रभावी शिकायत निवारण तंत्र को विकसित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया, बैंक ऑफ़ बड़ौदा, केनरा बैंक और इंडियन बैंक के अधिकारी शामिल हुए। सभी बैंकों ने सीबीएसई को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया और कहा कि वे जल्द ही तकनीकी सुधार और उन्नत प्रोटोकॉल लागू करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित