नयी दिल्ली , जुलाई 24 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर राजधानी की सभी 258 ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों में कैंडल मार्च निकाला।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में पेपर लीक की घटनाओं से प्रभावित और जान गंवाने वाले छात्रों को श्रद्धांजलि दी गयी।
श्री यादव नयी दिल्ली संसदीय क्षेत्र के ग्रीन पार्क ब्लॉक कांग्रेस द्वारा यूसुफ सराय मार्केट से निकाले गये कैंडल मार्च में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में भ्रष्टाचार के खिलाफ देशव्यापी "छात्रों की गूंज" अभियान शुरू किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार छात्रों की आवाज दबाने के लिए बल प्रयोग कर रही है और पेपर लीक के लिए जिम्मेदार शिक्षा मंत्री को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए।
श्री यादव ने कहा कि पिछले दस वर्षों में 152 पेपर लीक से करोड़ों छात्र प्रभावित हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार संसद और सड़कों पर उठ रहे सवालों से बचने का प्रयास कर रही है। उन्होंने मांग की कि छात्रों के साथ कथित मारपीट के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी छात्रों के साथ हुए कथित दुर्व्यवहार के लिए सार्वजनिक माफी मांगें।
कार्यक्रम में पूर्व मंत्री किरण वालिया, डॉ. योगानंद शास्त्री सहित कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित