रायपुर , जुलाई 26 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज कहा है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सिद्धांतों की राजनीति में विश्वास रखने वाली पार्टी है और उसके लिए राष्ट्रहित सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि भाजपा सत्ता को अधिकार नहीं, बल्कि जनता और राष्ट्र सेवा का माध्यम मानती है।
मुख्यमंत्री साय ने पार्टी के वरिष्ठ नेता धर्मेंद्र प्रधान के मंत्रीपद से त्यागपत्र को सार्वजनिक जीवन में नैतिकता और जवाबदेही का उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा में पद से बड़ा सिद्धांत होता है और यही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।
उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में जवाबदेही स्वीकार करना लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। भाजपा की राजनीतिक संस्कृति और कांग्रेस की कार्यशैली में यही मूलभूत अंतर है। भाजपा सिद्धांतों और जवाबदेही के आधार पर निर्णय लेती है, जबकि कांग्रेस का इतिहास सत्ता के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार से जुड़ा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा पर सवाल उठाने से पहले कांग्रेस को अपने कार्यकाल का आत्ममंथन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अपनी कथनी और करनी के अंतर के कारण जनता का विश्वास खो रही है।
साय ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में छत्तीसगढ़ के युवाओं के भविष्य के साथ गंभीर खिलवाड़ हुआ। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजीपीएससी) भर्ती प्रक्रिया में हुई अनियमितताओं से प्रतिभाशाली युवाओं के साथ अन्याय हुआ और चयन प्रक्रिया सवालों के घेरे में आई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित