बैतूल , सितंबर 16 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में आमला पुलिस ने धर्मांतरण संबंधी गतिविधियों के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार कर धार्मिक साहित्य और दस्तावेज जब्त किए हैं।
पुलिस के अनुसार 15 सितंबर को सूचना मिली थी कि भीमनगर बोड़खी क्षेत्र में गणपत सोनवाने के घर पर बैठक और प्रार्थना सभा आयोजित कर धर्मांतरण संबंधी गतिविधियां की जा रही हैं। सूचना के सत्यापन के लिए पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां गणपत सोनवाने सहित पांच लोग मिले।
पुलिस ने घर की तलाशी ली, जिसमें धार्मिक साहित्य, पुस्तिकाएं, पर्चे, सहमति पत्र तथा विभिन्न संस्थाओं को लिखे गए पत्र सहित अन्य दस्तावेज मिले। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने धर्मांतरण संबंधी गतिविधियों में संलिप्तता स्वीकार की।
इस मामले में आमला थाने में अपराध क्रमांक 371/26 दर्ज कर मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम की धाराओं 3 और 5 तथा भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 351(2) और 3(5) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस ने गणपत सोनवाने (43), इनोस उर्फ एनोस जोनाथन (34), रमेश अतुलकर (40), भावराव चंदेलकर (34) और सुनील नागले (50) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया है और मामले की विवेचना जारी है। पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने जिलेवासियों से धार्मिक स्वतंत्रता का सम्मान करने तथा किसी भी व्यक्ति को प्रलोभन, दबाव, भय या अनुचित प्रभाव से धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किए जाने की जानकारी मिलने पर कानून हाथ में लेने के बजाय पुलिस को सूचना देने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित