कानपुर , अप्रैल 17 -- अवैध धर्मांतरण, सामाजिक असुरक्षा और अन्य मुद्दों के विरोध में विश्व हिंदू परिषद की युवा इकाई बजरंग दल के नेतृत्व में शुक्रवार को कानपुर प्रांत के 21 जिलों में प्रदर्शन किए गए। प्रदर्शन के बाद प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सौंपे गए।
विश्व हिंदू परिषद कानपुर प्रांत के प्रांत मंत्री राजू पोरवाल ने कहा कि हाल के कुछ मामलों से यह संकेत मिलता है कि अवैध धर्मांतरण एक गंभीर सामाजिक विषय बनता जा रहा है, जिस पर प्रभावी रोक आवश्यक है। उन्होंने कहा कि युवाओं को प्रलोभन, दबाव और छल के माध्यम से प्रभावित करने के प्रयास चिंताजनक हैं।
उन्होंने कहा कि प्रांतव्यापी प्रदर्शनों के माध्यम से समाज ने अपनी चिंता व्यक्त की है और सामाजिक सुरक्षा, सांस्कृतिक पहचान तथा भविष्य की पीढ़ियों के हित में संगठित रूप से आवाज उठाई है। ज्ञापन में अवैध धर्मांतरण पर रोक के लिए कठोर कानून बनाने, महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, सार्वजनिक एवं सरकारी भूमि से अवैध कब्जे हटाने तथा ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध त्वरित कार्रवाई की मांग की गई। संगठन ने केंद्र और राज्य सरकारों से इस विषय पर ठोस कदम उठाने की अपेक्षा जताई है।
कानपुर महानगर में बड़ा चौराहा पर मुख्य प्रदर्शन आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और नागरिक एकत्र हुए। प्रदर्शन का नेतृत्व विभाग संयोजक नरेश तोमर ने किया। इसके अलावा प्रांत के विभिन्न जिला मुख्यालयों पर भी प्रदर्शन कर प्रशासन को ज्ञापन सौंपे गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित