देहरादून , अगस्त 25 -- उत्तराखंड के देहरादून में शहर की धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के मोहब्बेवाला वार्ड में कांग्रेस के राष्ट्रीय संचार सचिव वैभव वालिया ने मंगलवार को एक भव्य 'रक्षा सूत्र महोत्सव' आयोजित किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष एवं पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह और श्री वालिया को बड़ी संख्या में आई महिलाओं ने राखी बांधी।

मुख्य अतिथि श्री सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में भाईचारे, सौहार्द और आपसी विश्वास को मजबूत करने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रदेश एवं केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि महंगाई ने आज आम परिवार की रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। घरेलू गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों से लेकर चीनी और रसोई की अन्य आवश्यक वस्तुओं की बढ़ती कीमतों का सबसे अधिक असर गृहणियों पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी की मार झेल रही महिलाओं एवं परिवारों को राहत देने के लिए कांग्रेस सरकार बनने पर ठोस कदम उठाए जाएंगे।

इस अवसर पर वैभव वालिया ने कहा कि, "रक्षा सूत्र केवल एक धागा नहीं, बल्कि आपसी प्रेम, विश्वास, सम्मान और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है।" उन्होंने कहा कि क्षेत्र की मातृशक्ति ने जिस स्नेह और विश्वास के साथ उन्हें राखी बांधी है, वह उनके लिए अत्यंत भावुक और प्रेरणादायी क्षण है। यदि मातृशक्ति का आशीर्वाद उन्हें प्राप्त होता है, तो धर्मपुर के विकास को महिला केंद्रित और जनकल्याणकारी बनाने के लिए हरसंभव प्रयास करना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, रोजगार और आत्मनिर्भरता के साथ-साथ उनके सुझावों को विकास की योजनाओं में प्राथमिकता दी जाएगी।

कार्यक्रम में सुरेंद्र सिंह बिष्ट, गरिमा दसौनी, श्याम सिंह बिष्ट, पीयूष गौड़, नानक चंद, मंजू त्रिपाठी, डिंपल सिंह, सीताराम नौटियाल, मोहन गुरुंग, सीमा छेत्री, अमन सिंह, आयुष सेमवाल, नीना थापा, कुसुम, रेहाना परवीन, बीना, जूली सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी, कांग्रेस कार्यकर्ता, मातृशक्ति एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित