मुंबई , मार्च 20 -- मुंबई में चर्चित धर्मगुरूअशोक खारत की महिला शोषण के आरोपों में गिरफ्तारी के बाद राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रुपाली चाकणकर पर भी गाज गिरने की आशंका है।

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (अजित पवार गुट) के वरिष्ठ नेता प्रफुल्ल पटेल ने शुक्रवार को संकेत दिए कि सुश्री चाकणकर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है।

मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए श्री पटेल ने कहा कि इस प्रकरण में शामिल सभी लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी नेतृत्व जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और आने वाले दिनों में सुश्री चाकणकर पर कार्रवाई संभव है।

गौरतलब है कि स्वयंभू धर्मगुरु अशोक खारत को महिलाओं के शोषण के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया है कि सुश्री रुपाली चाकणकर श्री खारत द्वारा स्थापित एक ट्रस्ट की ट्रस्टी थीं। इससे जुड़े फोटो और रिपोर्ट्स सामने आने के बाद विवाद और गहरा गया है।

सूत्रों के अनुसार, अगले दो दिनों में सुश्री चाकणकर से इस्तीफा मांगा जा सकता है। इस बीच राजनीतिक प्रतिक्रियाएं तेज हो गई हैं और कई नेताओं व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उन्हें पद से हटाने की मांग की है।

एनसीपी नेता रुपाली पाटिल थोंबरे ने आशंका जताई है कि सुश्री चाकणकर अपने पद का दुरुपयोग कर सबूतों को प्रभावित या नष्ट कर सकती हैं, इसलिए उन्हें तुरंत इस्तीफा देना चाहिए।

वहीं शिवसेना (ठाकरे गुट) की प्रवक्ता सुषमा अंधारे और सामाजिक कार्यकर्ता अंजलि दमानिया ने भी सुश्री चाकणकर को हटाने की मांग का समर्थन किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित