उत्तरकाशी , जून 01 -- उत्तराखंड के उत्तरकाशी में गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर धराली बाजार के समीप सोमवार को एक कार दुर्घटना में दिल्ली निवासी एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ये लोग उत्तरकाशी से श्री गंगोत्री धाम की ओर जा रहे थे कि आज सुबह लगभग 9:15 बजे धराली नाले के पास उनकी कार अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है।

हादसे में वाहन चालक अनुराग सक्सैना (33) निवासी द्वारका, पश्चिम दिल्ली, उनकी पत्नी वर्षा सक्सैना (33), उनका पांच वर्षीय पुत्र तथा प्रतिमा सक्सैना (56) घायल हो गए। सभी श्रद्धालु गंगोत्री धाम के दर्शन के लिए जा रहे थे।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया। घायलों को तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई। यह दुर्घटना कोतवाली हर्षिल क्षेत्र के अंतर्गत हुई, जो थाना मुख्यालय से लगभग चार किलोमीटर की दूरी पर स्थित है।

पुलिस के अनुसार सभी घायलों की स्थिति सामान्य है और उन्हें मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद राजमार्ग पर यातायात भी सामान्य बना रहा। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित