रायपुर , जून 08 -- ) छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत पारेषण कंपनी ने रायपुर जिले के धरसीवां स्थित 220/132 केवी कुथरेल उपकेंद्र की क्षमता बढ़ाकर 480 एमवीए कर दी है। एक सौ 60 एमवीए क्षमता के नए पावर ट्रांसफॉर्मर के सफल ऊर्जीकरण के साथ यह उपकेंद्र रायपुर का चौथा बड़ा 220 केवी सबस्टेशन बन गया है।

कंपनी के प्रबंध निदेशक राजेश कुमार शुक्ला ने सोमवार को नए पावर ट्रांसफॉर्मर का ऊर्जीकरण किया। इसके साथ ही उपकेंद्र की कुल क्षमता 480 एमवीए हो गयी। इससे पहले उरला, सिलतरा और बोरझरा स्थित 220/132 केवी उपकेंद्र भी 480-480 एमवीए क्षमता के साथ संचालित हो रहे हैं।

पावर कंपनी के अनुसार क्षमता वृद्धि से क्षेत्र के औद्योगिक, वाणिज्यिक और घरेलू उपभोक्ताओं को अधिक विश्वसनीय विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित होगी। साथ ही ग्रीष्मकाल में बढ़ने वाले विद्युत भार के बेहतर प्रबंधन और भविष्य की बिजली मांग को पूरा करने में भी मदद मिलेगी।

कंपनी अधिकारियों ने बताया कि नए पारेषण के संचालन से धरसीवां और आसपास के क्षेत्रों में विद्युत तंत्र की मजबूती बढ़ेगी तथा निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी।

इस अवसर पर मुख्य अभियंता ई. अब्राहम वर्गीज, अतिरिक्त मुख्य अभियंता आर.के. तिवारी, कार्यपालन अभियंता (उपकेंद्र) जितेंद्र कुमार झा, कार्यपालन अभियंता (परीक्षण संभाग) कमंजय सिन्हा सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित