रायगढ़ , जुलाई 15 -- छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के क्रोन्धा गांव में एक मकान में भीषण आग लगने से बुजुर्ग दंपति की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड की मदद से जांच शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, क्रोन्धा गांव स्थित एक मकान में कल देर रात अचानक आग लग गई। आग की चपेट में आने से घर के भीतर मौजूद बुजुर्ग पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है।
घटना की सूचना मिलते ही धरमजयगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू किए। पुलिस ने ग्रामीणों से भी पूछताछ की है। जांच के लिए फॉरेंसिक विशेषज्ञों और डॉग स्क्वॉड की टीम को भी मौके पर बुलाया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक दंपति घरघोड़ा थाना क्षेत्र के औरामुड़ा गांव के निवासी थे और धान की फसल की खेती के सिलसिले में क्रोन्धा गांव आए हुए थे।
ग्रामीणों ने घटना को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की है। हालांकि पुलिस ने कहा है कि आग लगने के कारणों और दंपति की मौत की वास्तविक वजह का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित