बालोद , अप्रैल 18 -- छत्तीसगढ़ के बालोद जिला मुख्यालय से करीब 12 किलोमीटर दूर झलमला से रानीमाई मोड़ के पास शुक्रवार शाम एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन पलट गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। इनमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।
घायल मनीष यादव ने बताया कि धमतरी जिले के भानपुरी में टीकाराम यादव की बेटी की शादी डौंडी ब्लॉक के ग्राम ढोर्रीठेमा में हुई थी। शादी के बाद सभी लोग चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने के लिए शुक्रवार शाम को पिकअप वाहन से निकले थे।
शाम करीब 6.30 बजे तालगांव के आगे मोड़ पर वाहन अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में वाहन में सवार सुरेश यादव (45 वर्ष) की मौत हो गई। वहीं अन्य 17 लोग घायल हो गए, जिनमें से 5 की हालत नाजुक होने पर उन्हें रेफर कर दी गई।
घायल दीपक यादव ने बताया कि शादी समारोह में शामिल होने आए यादव परिवार के 35 से अधिक लोग पिकअप वाहन में सवार थे। महिलाओं को पहले एक बस से रवाना किया गया, जबकि गांव के कुछ लोग मेटाडोर से गए। बाकी बचे परिजनों के लिए अलग से पिकअप की व्यवस्था की गई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि ड्राइवर वाहन को काफी तेज गति से चला रहा था। तालगांव के आगे मोड़ पर वाहन अनियंत्रित हो गया और पलट गया। जिससे यह हादसा हुआ।
प्रत्यक्षदर्शी मनीष यादव ने बताया कि हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। कई लोगों के सिर फट गए थे, वहीं कई के हाथ-पैर फ्रैक्चर हो गए। घायलों की चीख-पुकार के बीच जो लोग सुरक्षित थे, वे घायलों को संभालते हुए सड़क किनारे बैठाते रहे, जबकि अन्य लोग जंगल और झाड़ियों में गिरे लोगों को निकालने में जुटे रहे। इस दौरान राहगीरों को रुकवाकर मदद मांगी गई और उनकी सहायता से सभी घायलों को जैसे-तैसे जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे के दौरान पिकअप में 5 से 10 वर्ष आयु वर्ग के करीब 10 बच्चे भी सवार थे। गनीमत रही कि वाहन के बीच हिस्से में बैठे होने के कारण सभी बच्चे सुरक्षित बच गए और उन्हें केवल मामूली चोटें आईं। वहीं दूसरी ओर कई युवकों को गंभीर चोटें लगीं, जिनमें कुछ के हाथ-पैर फ्रैक्चर हो गए।
पुलिस जांच में सामने आया है कि चालक उमाशंकर निर्मलकर शराब के नशे में था। घायल मनीष यादव ने बताया कि पीछे बैठे लोग लगातार उसे धीरे चलाने के लिए आवाज लगाते रहे, लेकिन चालक ने चेतावनी को नजरअंदाज कर वाहन की रफ्तार और बढ़ा दी। करीब एक घंटे बाद जब वाहन नेशनल हाईवे से रानीमाई मार्ग की ओर मुड़ा, तो गाड़ी अनियंत्रित होकर ब्रेकडांस झूले की तरह डगमगाने लगी। कुछ ही देर में वाहन पलट गया। जिससे कई लोग बेहोश हो गए और हादसा गंभीर रूप ले लिया।
जांच में सामने आया कि चालक उमाशंकर निर्मलकर को ड्राइविंग का अनुभव कम था और वह करीब एक साल पहले ही ड्राइवर बना था। ट्रक में हेल्परी करने के बाद उसके जीजा, चारामा निवासी भूपेश सिंह ने जनवरी माह में अशोक लीलैंड की नई पिकअप खरीदकर उसे दी थी। जिसे वह चला रहा था। वहीं चालक ने पुलिस को बयान में कहा कि मोड़ पर एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में वाहन अनियंत्रित हो गया। जिसके चलते हादसा हुआ।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित