धमतरी , जून 08 -- छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 480 किलोग्राम गांजा बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है। जब्त गांजे की कीमत दो करोड़ 60 हजार रुपए आंकी गई है।

पुलिस ने आज इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि अर्जुनी थाना क्षेत्र में मुखबिर से सूचना मिली थी कि बस्तर की ओर से एक कार और पिकअप वाहन में बड़ी मात्रा में गांजा लेकर रायपुर की तरफ ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर श्याम तराई क्षेत्र में नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई। तलाशी के दौरान वाहनों से सफेद बोरियों में भरा गांजा बरामद किया गया।

जांच में कुल 480 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। इस मामले में रायपुर निवासी नौशाद खान, करण साहू, मोहम्मद सादिक और हिमांशु साहू को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया है।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि जगदलपुर में सब्जी खाली करने के बाद पिकअप वाहन में गांजा लोड किया गया था। तस्करों की योजना इस खेप को रायपुर तथा उत्तर प्रदेश में खपाने की थी।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। वहीं नाबालिग को न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया है। पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित