रायपुर , जुलाई 30 -- छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में शिक्षा और ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुवार को दो कार्यक्रम आयोजित किए गए। राज्य के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन तथा उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने कृषि विज्ञान केंद्र में माइक्रो फूड प्रोसेसिंग इन्क्यूबेशन सेंटर का लोकार्पण किया तथा जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव में शामिल होकर विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकें, गणवेश, साइकिल और दिव्यांग विद्यार्थियों को सहायक सामग्री वितरित की।
कृषि विज्ञान केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में श्री वर्मा ने कहा कि कृषि एवं उद्यानिकी उत्पादों का वैज्ञानिक प्रसंस्करण किसानों की आय बढ़ाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि माइक्रो फूड प्रोसेसिंग इन्क्यूबेशन सेंटर के माध्यम से किसानों, महिला स्व-सहायता समूहों, किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) तथा युवाओं को आधुनिक मशीनरी, उत्पाद परीक्षण, पैकेजिंग और कौशल प्रशिक्षण जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे स्थानीय कृषि उत्पादों का कम लागत पर मूल्य संवर्धन कर उन्हें बाजार तक पहुंचाने में सहायता मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं। यह केंद्र स्थानीय लोगों को ब्रांडिंग, पैकेजिंग और आधुनिक प्रसंस्करण तकनीकों का प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम के दौरान तीन दिवसीय खाद्य प्रसंस्करण प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन भी हुआ। प्रशिक्षण में किसानों, महिला स्व-सहायता समूहों तथा युवाओं को गुणवत्ता नियंत्रण, स्वच्छता, एफएसएसएआई मानकों, आधुनिक पैकेजिंग, लेबलिंग, विपणन और ब्रांडिंग की जानकारी दी गई।
कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि इन्क्यूबेशन सेंटर से जिले में कृषि उत्पादों की प्रोसेसिंग और मूल्य संवर्धन को बढ़ावा मिलेगा, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे।
इससे पहले मराठा मंगल भवन में आयोजित जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव में श्री वर्मा ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत किया और उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें तथा गणवेश वितरित किए। सरस्वती साइकिल योजना के तहत छात्राओं को साइकिलें तथा दिव्यांग विद्यार्थियों को सहायक किट भी प्रदान की गई। शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए श्री वर्मा ने कहा कि शिक्षा व्यक्ति, समाज और राष्ट्र निर्माण का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों से बड़े लक्ष्य निर्धारित कर पूरी निष्ठा से अध्ययन करने तथा केवल अंक प्राप्त करने के बजाय ज्ञान और संस्कारों के माध्यम से समाज और राष्ट्र की सेवा का संकल्प लेने का आह्वान किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित