धमतरी , सितंबर 09 -- छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में खरीफ सीजन के दौरान किसानों को निर्धारित दर पर गुणवत्तापूर्ण कीटनाशक उपलब्ध कराने और विक्रय में अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए कृषि विभाग ने जांच अभियान तेज किया है। विभागीय टीम ने भटगांव में जांच के बाद तीन कीटनाशक विक्रय केन्द्रों के खिलाफ कार्रवाई की है।
कृषि विभाग के अनुसार निरीक्षण में आवश्यक दस्तावेजों का समुचित संधारण नहीं करने, निर्धारित मापदंडों के अनुरूप मूल्य सूची उपलब्ध नहीं होने तथा स्टॉक का उचित प्रदर्शन नहीं किए जाने पर मेसर्स गौरव कृषि केन्द्र और मेसर्स साहू कृषि केन्द्र के कीटनाशक विक्रय लाइसेंस तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक निलंबित कर दिए गए हैं।
वहीं मेसर्स गायत्री कृषि केन्द्र, भटगांव का कीटनाशक विक्रय लाइसेंस निरस्त कर दिया गया है। लाइसेंस निरस्त होने के बाद प्रतिष्ठान में कीटनाशकों का व्यवसाय नहीं किया जा सकेगा।
विभाग ने जिले के 10 अन्य कीटनाशक विक्रय केन्द्रों की भी जांच की। इनमें धमतरी के अंकित ट्रेडर्स, राधा ट्रेडर्स और शिवधारा कृषि केन्द्र के अलावा देमार, बागतराई, खम्हरिया, दानीटोला, कलारतराई और सेमरा बी के विभिन्न कृषि केन्द्र शामिल हैं।
जांच के दौरान मेसर्स अंकित ट्रेडर्स, धमतरी में अनियमितता पाए जाने पर कीटनाशक विक्रय पर प्रतिबंध लगाते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। विभाग के मुताबिक नोटिस का जवाब मिलने के बाद तथ्यों और नियमों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित