धमतरी , मार्च 17 -- छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से आत्महत्या का एक दुखद मामला आज सामने आया है। जहां 12वीं कक्षा में पढ़ने वाली एक 17 वर्षीय छात्रा ने अज्ञात कारणों के चलते कथित रुप से जहर का सेवन कर आत्महत्या कर ली।
मिली जानकारी के अनुसार, मामला अर्जुनी थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सिवनीखुर्द गांव का है। यहां 17 वर्षीय 12वीं कक्षा की छात्रा अपने घर के बाथरूम में बेहोशी की हालत में मिली। परिजनों ने तत्काल उसे जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
घटना के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और परिजनों व आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है।
जिला अस्पताल के डॉ. राजेश सूर्यवंशी ने बताया कि ''छात्रा को गंभीर अवस्था में अस्पताल लाया गया था। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। प्रथम दृष्टया जहर सेवन का मामला प्रतीत हो रहा है।''फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित