रायपुर , अक्टूबर 03 -- छत्तीसगढ़ में 'मेरी बेटी-मेरा अभिमान' अभियान के तहत धमतरी जिले के कुरूद विकासखंड की ग्राम पंचायत धूमा में निर्मित पहले बालिका शौचालय का गांधी जयंती के अवसर पर उद्घाटन किया गया।

विकसित भारत-रोजगार और आजीविका गारंटी मिशन (ग्रामीण) वीबी-जी राम जी योजना के अंतर्गत निर्मित इस शौचालय का उद्देश्य विद्यालय में अध्ययनरत बालिकाओं को स्वच्छता, स्वास्थ्य और गरिमा से जुड़ी सुरक्षित सुविधा उपलब्ध कराना है। उद्घाटन कार्यक्रम में बच्चियों ने स्वच्छता और बेटियों के सम्मान से जुड़े संदेशों वाली तख्तियों के माध्यम से जागरूकता का संदेश भी दिया।

राज्य सरकार के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छह अगस्त 2026 को वीबी-जी राम जी के अंतर्गत राज्यव्यापी 'मेरी बेटी-मेरा अभिमान' अभियान की शुरुआत की थी। अभियान का क्रियान्वयन 15 अगस्त 2026 से 26 जनवरी 2027 तक किया जा रहा है।

अभियान के तहत प्रदेश के ग्रामीण क्षेत्रों के 6,671 शासकीय विद्यालयों में करीब 286.85 करोड़ रुपये की लागत से बालिका शौचालयों के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसका उद्देश्य ग्रामीण विद्यालयों में अध्ययनरत बालिकाओं को सुरक्षित एवं स्वच्छ शौचालय उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वास्थ्य और गरिमा के अनुकूल वातावरण तैयार करना है।

धूमा में शौचालय निर्माण के दौरान विकसित भारत-जी राम जी के आयुक्त एवं प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण के संचालक तारन प्रकाश सिन्हा ने निर्माण कार्य का निरीक्षण भी किया था। इस दौरान उन्होंने कार्य की प्रगति और श्रमिकों के मजदूरी भुगतान की जानकारी लेकर अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से काम पूरा करने के निर्देश दिए थे।

अभियान के तहत 26 जनवरी 2027 तक लक्षित विद्यालयों में बालिकाओं के लिए शौचालय सुविधा सुनिश्चित करने का लक्ष्य रखा गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित