धमतरी , जून 30 -- छत्तीसगढ़ में रायपुर के नकटी गांव में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद अब धमतरी जिले के कोलियारी गांव में भी इसी तरह की कार्रवाई को लेकर मंगलवार को तनाव की स्थिति बन गई। राजस्व विभाग द्वारा 50 से अधिक मकानों को खाली करने चेतावनी दी जाने के बाद ग्रामीणों ने विरोध जताया और अधिकारियों के साथ उनकी तीखी बहस एवं नोकझोंक हुई। कुछ समय के लिए मौके पर माहौल तनावपूर्ण रहा।

ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन की कार्रवाई उचित नहीं है। उनका कहना है कि एक निजी संस्थान को जमीन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राजस्व विभाग दबाव बनाकर लोगों को उनके घरों से हटाने का प्रयास कर रहा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि धमतरी में भी रायपुर के नकटी गांव जैसी स्थिति उत्पन्न करने की कोशिश की जा रही है।

उधर, राजस्व विभाग का कहना है कि संबंधित भूमि पर 50 से अधिक मकान अतिक्रमण कर बनाए गए हैं। विभाग के अनुसार नियमानुसार अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया के तहत संबंधित लोगों को घर खाली करने के लिए नोटिस और चेतावनी जारी की गयी है। नोटिस के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और कार्रवाई का विरोध करने लगे। इस दौरान राजस्व अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।

राजस्व अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि संबंधित लोगों को जल्द से जल्द अतिक्रमित भूमि खाली करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे। फिलहाल क्षेत्र में तनाव का माहौल है और प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित